रांची:
रांची सदर अस्पताल के जाने-माने ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ.एस अली ने कूल्हे का सफल प्रत्यारोपण कर मरीज को नई जिंदगी प्रदान की है। सोमवार को ईचागढ़ निवासी अहमद रजा का सफल ऑपरेशन किया गया। आयुष्मान भारत योजना के तहत अहमद रजा के कूल्हे का सफल सर्जरी की गई। अहमद पूरी तरह से ठीक हैं।कुछ दिनों बाद वह बिना किसी सहारे के आसानी से चल-फिर सकेंगे। मरीज के ऑपरेशन में निश्चेतक (एनेस्थेटिस्ट) डॉ.नीरज कुमार सहित पारा मेडिकल टीम ने सहयोग किया।

हर जगह से हारकर पहुंचा डॉ.अली के पास
इस संबंध में डॉ.अली ने सोमवार को बताया कि इचागढ़ निवासी मरीज अहमद रजा कूल्हे (हिप ज्वाइंट) के फ्रैक्चर से परेशान था। कई जगहों पर दिखाने के बाद वह सदर अस्पताल में डॉ.एस अली के संपर्क में आया। उन्होंने मरीज को कूल्हे के प्रत्यारोपण की सलाह दी। डॉ.अली ने बताया कि सदर अस्पताल में हिप ज्वाइंट रिप्लेसमेंट की सुविधा उपलब्ध कराने में सिविल सर्जन डॉ. विनोद कुमार और अधीक्षक डॉ.एके खेतान का महत्वपूर्ण योगदान है। उक्त दोनों चिकित्सकों के सहयोग के बिना इस प्रकार का जटिल ऑपरेशन करना संभव नहीं था।

स्वास्थ्य मंत्री से भी सम्मानित हो चुके हैं डॉ.एस अली
उन्होंने कहा कि अमूमन कूल्हे के प्रत्यारोपण में मरीजों को निजी अस्पतालों या अन्यत्र इलाज कराने पर दो से ढाई लाख रुपए का खर्च आता, लेकिन आयुष्मान भारत योजना के तहत उक्त मरीज के कूल्हे का प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक बगैर खर्च के किया गया। उल्लेखनीय है कि नेशनल डॉक्टर्स डे के अवसर पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने डॉ.एस अली को आयुष्मान भारत योजना के तहत अधिकतम मरीजों का इलाज करने के लिए सम्मानित किया था।